हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज। जिला जेल महराजगंज में न्यायिक हिरासत में निरुद्ध दुष्कर्म के एक आरोपी की मौत से जिले में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान हरिवंश (40) पुत्र बुद्धिराम, निवासी सेमरहवा, तहसील नौतनवा के रूप में हुई है, जिसे 6 दिसंबर को दुष्कर्म के मामले में जेल भेजा गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 दिसंबर की रात बंदी की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद जेल प्रशासन द्वारा उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार व दवाइयां देने के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत सामान्य बताते हुए वापस जेल भेज दिया। हालांकि इसी दौरान उपचार में लापरवाही को लेकर सवाल भी उठने लगे।
मंगलवार की सुबह बंदी की हालत एक बार फिर गंभीर हो गई। आनन-फानन में उसे दोबारा जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही जेल व अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। वहीं जेल प्रशासन ने बंदी को नियमानुसार चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराए जाने का दावा किया है।

