‘मिशन सेफ फ्यूचर’ अभियान में कार्रवाई तेज, तीन स्कूली वाहनों का चालान, एक अवैध वाहन सीज

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



महराजगंज, 9 जुलाई। स्कूली बच्चों की सुरक्षित एवं मानक अनुरूप परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग द्वारा चलाए जा रहे ‘मिशन सेफ फ्यूचर’ अभियान के तहत गुरुवार को जनपद में सघन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान सुरक्षा मानकों एवं आवश्यक दस्तावेजों में खामियां मिलने पर तीन स्कूली वाहनों का चालान किया गया, जबकि पंजीयन समाप्त होने के बावजूद बच्चों का परिवहन कर रहे एक निजी वाहन का संचालन तत्काल बंद करा दिया गया।


कार्रवाई के दौरान वाहन में मौजूद सभी बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए परिवहन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की निगरानी में उन्हें सुरक्षित उनके विद्यालय तक पहुंचाया गया, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।


सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) ने बताया कि ‘मिशन सेफ फ्यूचर’ अभियान की शुरुआत 1 जुलाई 2026 से की गई है। अभियान के प्रथम चरण में 1 से 7 जुलाई तक जिले के विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यालय प्रबंधन, वाहन संचालकों और चालकों को बच्चों के सुरक्षित परिवहन से जुड़े नियमों एवं सुरक्षा मानकों की जानकारी दी गई।


उन्होंने बताया कि सभी विद्यालयों को निर्देशित किया गया है कि बच्चों के परिवहन के लिए केवल फिटनेस प्रमाणित, वैध दस्तावेजों से युक्त तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने वाले वाहनों का ही उपयोग किया जाए। साथ ही विद्यालयों को अपने वाहनों की नियमित जांच एवं समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।


एआरटीओ ने बताया कि 8 जुलाई से अभियान के दूसरे चरण के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। परिवहन विभाग ने विद्यालय प्रबंधन एवं वाहन संचालकों से निर्धारित मानकों का पूर्ण पालन कर सुरक्षित विद्यालय परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *