मीट पार्टी में एक पीस को लेकर बवाल, पुलिस से अभद्रता के आरोप में युवक हिरासत में

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


परतावल (महराजगंज)। भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष के आगमन पर लगाए गए बैनर-पोस्टर के कार्य में लगे कर्मचारियों के लिए आयोजित दावत उस समय विवाद में बदल गई, जब मीट परोसने के दौरान एक पीस को लेकर दो युवकों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामला मारपीट और हंगामे तक पहुंच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभालने का प्रयास किया, लेकिन एक युवक पर पुलिसकर्मियों से भी अभद्रता करने का आरोप लगा है।


जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात महराजगंज मार्ग स्थित शर्मा प्रिंटिंग प्रेस के पास बसवार निवासी एक युवक की ओर से कर्मचारियों के लिए मीट पार्टी आयोजित की गई थी। इसी दौरान मिर्जापुर पकड़ी उर्फ रघुनाथपुर (थाना भिटौली) निवासी रामदयाल यादव से मीट के एक पीस को लेकर विवाद शुरू हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर गाली-गलौज और मारपीट की नौबत आ गई तथा सड़क पर हंगामा होने लगा।


सूचना मिलने पर परतावल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझाकर चौकी ले आई। आरोप है कि चौकी पहुंचने के बाद भी उसने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया और धमकी देने लगा। इस दौरान उसके साथ आया एक अन्य युवक मौके से फरार हो गया। प्रिंटिंग प्रेस संचालक वशिष्ठ शर्मा ने आरोपी रामदयाल यादव के खिलाफ श्यामदेउरवा थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।


थानाध्यक्ष श्यामदेउरवा सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *