ई-रिक्शा में सफर कर रही महिला के गहने लेकर फरार हुआ अज्ञात

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज

महराजगंज। परतावल से महराजगंज तक का सफर एक महिला के लिए धोखे की कहानी बन गया। कुशीनगर जनपद की अहिरौली थाना क्षेत्र निवासी कविता देवी अपनी ननद के घर झनझनपुर में विवाह समारोह में शामिल होने जा रही थीं। परतावल में उन्होंने एक ई-रिक्शा में सवारी ली, इसी दौरान साथ बैठे अज्ञात लोगों ने चालाकी से उन्हें जाल में फंसा लिया।

यात्रा के दौरान उन लोगों ने भरोसा जगाते हुए कविता देवी को समझाया कि सफर में गहने पहनकर रखना सुरक्षित नहीं, उन्हें पर्स में रख लें। कविता देवी ने भी बिना शक ऐसा ही किया। छपिया के पास पहुंचते ही वही संदिग्ध यात्री ई-रिक्शा से उतर गए और आगे की यात्रा वह दूसरे टेम्पो से करके महराजगंज पहुंचीं।

विवाह स्थल पर पहुंचते ही जब उन्होंने पर्स खोला तो होश उड़ गए—सभी गहने गायब थे। भ्रमित करने की पूरी साजिश ई-रिक्शा में सवार उन्हीं अज्ञात व्यक्तियों की निकली, जिन्हें वह साधारण सहयात्री समझ रही थीं।

पीड़िता की तहरीर पर श्यामदेउरवा थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318 (4) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह के अनुसार पुलिस ठगी में शामिल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *