हर्षोदय टाइम्स/विवेक कुमार पाण्डेय
परतावल (महराजगंज)।परतावल विकासखंड के ग्राम प्रधानों ने गुरुवार को खंड विकास अधिकारी (वीडियो) संतोष कुमार यादव के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित प्रधानों ने ब्लॉक गेट बंद कर नारेबाजी की और वीडियो पर विकास कार्यों में मनमानी, हस्तक्षेप और कमीशनखोरी के गंभीर आरोप लगाए।
प्रधानों ने आरोप लगाया कि वीडियो द्वारा मनरेगा सहित अन्य विकास योजनाओं में अनावश्यक हस्ताक्षर और कमीशन की मांग की जाती है। कमीशन नहीं देने वाले प्रधानों को जांच बैठाने और कार्य रोकने की धमकी दी जाती है। इससे क्षेत्र के विकास कार्य ठप पड़ गए हैं और ग्रामीणों तक योजनाओं का लाभ नहीं पहुंच पा रहा है।
प्रधानों ने चेतावनी दी कि यदि वीडियो की कार्यशैली में सुधार नहीं हुआ तो वे व्यापक आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
वहीं, खंड विकास अधिकारी संतोष कुमार यादव ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि वे प्रधानों से मिलकर उनकी समस्याओं का समाधान करेंगे।
विरोध प्रदर्शन में ग्राम प्रधान विवेक पटेल, बलवंत, प्रधान प्रतिनिधि अमित सिंह, मुनीम सिंह सहित दर्जनभर प्रधान व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

