हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
निचलौल/महराजगंज- 04/12/2025, गुरुवार शाम को निचलौल कस्बा के थाना रोड पर एक दुकान के सामने एक महिला के अचानक हंगामा किए जाने से गहमा-गहमी मच गई। मौके पर भीड़ लग गई। महिला अपने पति को दुकान के अंदर दूसरी महिला के साथ देखकर भड़क गई और हंगामा कर दिया। इधर पत्नी के तेवर देखकर पति गायब हो गया। महिला अपने पति के साथ बैठी महिला को पकड़कर थाने ले गई।
मिली जानकारी के अनुसार निचलौल क्षेत्र के एक गांव के युवक शाम चार बजे के करीब कस्बे के एक जलपान की दुकान पर एक महिला के साथ नाश्ता कर रहा था। इस बीच युवक की पत्नी भी आ धमकी। पति को दूसरी महिला के साथ नाश्ता करते देखकर वह आपा खो बैठी और भीड़ भरे स्थान पर हंगामा कर दिया। पत्नी के तेवर को देखकर पति भीड़ में धीरे से खिसक कर गायब हो गया। वहीं उसकी पत्नी ने दूसरी महिला को दबोच लिया और पकड़कर थाना ले गई। इस दौरान वहां राहगीरों और दुकानदारों की भीड़ लग गई और चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया।
निचलौल थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार वर्मा ने बताया कि इस बारे में किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है। इस तरह की कोई जानकारी नहीं मिली है। इसका पता लगाया जा रहा है।

