वीडियो वायरल, पुलिस के हाथ अब भी खाली
महाराजगंज । श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत परतावल में बुधवार रात करीब 8 बजे उस समय हड़कंप मच गया जब तीन बाइक पर सवार करीब आधा दर्जन बदमाशों ने कार से जा रहे दो युवकों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में दोनों युवक लहूलुहान हो गए। हमलावरों ने न सिर्फ युवकों को पीटा, बल्कि जान बचाकर भागने की कोशिश कर रहे युवकों की कार के शीशे भी तोड़ दिए और वाहन को छतिग्रस्त कर दिया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, लेकिन इसके बावजूद श्यामदेउरवा पुलिस अब तक हमलावरों तक नहीं पहुंच पाई है। पुलिस के हाथ फिलहाल खाली दिखाई दे रहे हैं।
हमले में घायल युवक श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत चौपरिया और माधोपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। दोनों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर गहरा भय व्याप्त हो गया है।
घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बाद भी पुलिस मौके पर देर से पहुंची और अब तक किसी भी स्तर पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
लोगों ने मांग की है कि हमलावरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर क्षेत्र में सुरक्षा की स्थिति बहाल की जाए।

