हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
परतावल/महराजगंज। नगर पंचायत परतावल वार्ड नंबर 1 अंबेडकर नगर में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने किराए के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान पवन राठौड़ पुत्र आदराम राठौर, निवासी रोवण, भिंड (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। पवन अपने बड़े भाई आशीष राठौड़ के साथ बीते तीन वर्षों से परतावल में रहकर फास्ट फूड की दुकान चलाता था और इसी से परिवार का भरण-पोषण करता था। पवन की शादी हो चुकी थी और उसका एक वर्ष का पुत्र भी है।
जानकारी के अनुसार रोज की तरह जब बड़े भाई आशीष कमरे पर पहुंचे, तो अंदर का दृश्य देखकर स्तब्ध रह गए। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर शव को नीचे उतरवाया और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परतावल चौकी इंचार्ज ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी। कमरे की तलाशी ली जा रही है और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।

