जिलेभर में चला ‘ऑपरेशन कार-ओ-बार’, 765 लोगों पर कार्रवाई
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना के निर्देश पर बुधवार शाम पूरे जनपद में ‘ऑपरेशन कार-ओ-बार’ चलाया गया। सड़क किनारे कार खड़ी कर उसे बार की तरह इस्तेमाल करते हुए खुले में शराब पीने वालों पर नकेल कसने के लिए पुलिस टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक जारी इस कार्रवाई में पुलिस ने शराब के ठेकों, सार्वजनिक स्थानों, प्रमुख बाजारों और उन इलाकों में चेकिंग की, जहां अवैध शराबखोरी की शिकायतें पहले से मिलती रही हैं।
अभियान के दौरान जिलेभर में कुल 765 लोगों पर कार्रवाई की गई। कई लोगों को प्रतिबंधित स्थानों पर शराब पीते हुए पकड़े जाने पर हिरासत में लिया गया। वहीं नशे की हालत में वाहन चलाते मिले चालकों पर मौके पर ही जुर्माना लगाने के साथ आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी पर रोक लगाना, सड़क दुर्घटनाओं को कम करना और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी कड़ी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।


