घुघली पोस्ट ऑफिस में भ्रष्टाचार चरम पर ,महिला अभिकर्ता से अभद्रता

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

कमीशन वसूली और भुगतान ठप  ग्राहकों में भारी आक्रोश

हर्षोदय टाइम्स / बिमलेश कुमार पाण्डेय


महराजगंज। घुघली पोस्ट ऑफिस में अव्यवस्थाओं और कथित भ्रष्टाचार का आलम यह है कि अभिकर्ताओं से लेकर आम ग्राहकों तक सभी परेशान हैं। पोस्ट ऑफिस में तैनात बड़े बाबू उमेश कुमार पर महिला अभिकर्ता से अभद्र व्यवहार, अनिवार्य कमीशन वसूली और खाता खोलने में जानबूझकर देरी जैसे गंभीर आरोप लगे हैं

कमीशन नहीं तो खाता नहीं—20 तारीख से कई आवेदन लंबित

अभिकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि खाता खोलने के लिए 50 रुपये और लॉट जमा करने पर 40 रुपये की अनिवार्य वसूली की जा रही है। कमीशन न देने वाले अभिकर्ताओं के खाते 20 तारीख से अब तक नहीं खोले गए। ऐसे में अभिकर्ता और ग्राहक दोनों ही असहाय होकर पोस्ट ऑफिस के चक्कर लगा रहे हैं।

भुगतान बंद, ग्राहक परेशान , शादी-ब्याह के पैसों तक पर रोक

पोस्ट ऑफिस की लापरवाही का सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है। ग्राहकों को 5 से 15 दिन तक लगातार दौड़ाया जा रहा है, जबकि भुगतान लगभग ठप हो चुका है। कई परिवारों में शादी-ब्याह जैसे जरूरी कार्यक्रम होने के बावजूद उन्हें समय पर पैसे नहीं मिल पा रहे, जिससे लोग भारी संकट में हैं।

“जिसको जो करना है कर लो” ,बड़े बाबू का आरोपित रवैया

अभिकर्ताओं का कहना है कि ग्राहक जब भुगतान मांगता है तो पोस्ट ऑफिस से साफ इंकार कर दिया जाता है। बड़े बाबू उमेश कुमार कथित तौर पर यह कहते हैं। “जिसको जो करना है कर लो।” इससे एजेंटों की साख पर सवाल उठने लगे हैं और पूरे घुघली क्षेत्र में पोस्ट ऑफिस के प्रति अविश्वास बढ़ता जा रहा है।

जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग

अभिकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने जिला बचत अधिकारी से मामले की तत्काल जांच कर बड़े बाबू के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पोस्ट ऑफिस से जनता का भरोसा पूरी तरह उठ जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *