गोरखपुर से लापता युवक की हत्या में दोस्त ही निकले आरोपी, परिजन ने शव की पहचान से किया इनकार
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
गोरखपुर / महाराजगंज। रुपये के लेनदेन को लेकर शुरू हुआ विवाद एक दिल दहला देने वाली वारदात में बदल गया। तिवारीपुर क्षेत्र से 26 नवंबर को लापता हुए 20 वर्षीय युवक की हत्या कर उसके सिर और धड़ को महराजगंज जिले में अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया गया। पुलिस ने सर्विलांस, मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज की मदद से दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो पूरी कहानी सामने आ गई।
पूछताछ में आरोपित दोस्तों ने स्वीकार किया कि रुपये को लेकर झगड़े के बाद उन्होंने युवक को अगवा कर कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। गोरखपुर में शव मिलने से पकड़े जाने का डर था, इसलिए शव को कार से 40 किलोमीटर दूर महराजगंज ले जाकर अलग-अलग नहर किनारे फेंक दिया। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर भिटौली क्षेत्र की देवरिया शाखा नहर पटरी से सिर और करीब 10 किलोमीटर दूर श्यामदेउरवा क्षेत्र में धड़ बरामद किया। फोरेंसिक टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हालांकि पुलिस का दावा है कि बरामद शव उसी युवक का है, जिसकी गुमशुदगी दर्ज है, लेकिन पहचान के लिए बुलाए गए परिजनों ने शव को अपना बताने से इंकार कर दिया। इसी बीच पुलिस ने गुमशुदगी के मामले में हत्या, अपहरण, साक्ष्य मिटाने और षड्यंत्र की धाराएं बढ़ा दी हैं।
एसएसपी राजकरन नय्यर ने बताया कि महराजगंज में बरामद शव की कड़ी तिवारीपुर में दर्ज गुमशुदगी से जुड़ रही है। दो संदिग्धों से पूछताछ में महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।

