हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज, 29 नवम्बर 2025। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शनिवार को लगातार तीसरे दिन एसआईआर से संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु मतदाताओं और बीएलओ की फोन कॉल्स सुनीं। सुबह 11 से 12 बजे तक हुई इस जनसुनवाई में जनपद की पाँचों विधानसभाओं से 20 मतदाताओं ने संपर्क कर अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। जिलाधिकारी ने सभी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में मुख्य रूप से गणना प्रपत्र न मिलने, 2003 की मतदाता सूची में नाम न होने, नए मतदाताओं के फॉर्म भरने की प्रक्रिया तथा ऑनलाइन एसआईआर फॉर्म भरने से जुड़ी शंकाएँ सामने आईं। जिलाधिकारी ने मतदाताओं को पूरी प्रक्रिया सरल भाषा में समझाई और बताया कि सभी बीएलओ एवं सहयोगी कर्मियों के पास 2003 की मतदाता सूची उपलब्ध है, जिसे मतदाता आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही मतदाता आयोग की वेबसाइट से भी सूची डाउनलोड की जा सकती है।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाताओं से फोन पर सीधे जुड़ने का उद्देश्य भ्रांतियों को दूर कर एसआईआर प्रक्रिया को आसानी से समझाना है। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन निर्धारित समय पर वे स्वयं कॉल्स सुन रहे हैं ताकि किसी भी मतदाता को फॉर्म भरने में परेशानी न हो। प्राप्त शिकायतों को संबंधित ईआरओ को भेजते हुए 24 घंटे में निस्तारण के निर्देश दिए गए हैं।

