निचलौल में अवैध गर्भपात के दौरान युवती की मौत, प्रेमी सहित क्लिनिक संचालक व स्टॉफ गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी

निचलौल/महराजगंज- जनपद अंतर्गत निचलौल में अवैध गर्भपात के दौरान युवती की मौत के मामले में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना निचलौल पुलिस ने दो और वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं, इस प्रकरण में शामिल युवती के प्रेमी श्याम को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज चुकी है।

इस सम्बन्ध में मु.अ.सं. 327/2025, धारा 89, 105, 3 (5) बीएनएस में नामित आरोपी उदित प्रसाद गुप्ता (66 वर्ष), निवासी परागपुर, शिल्पा विश्वकर्मा (26 वर्ष), निवासी शीतलापुर को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया गया। मृतका युवती गरिमा की माता माया देवी निवासी मंगलछपरा ने युवक श्याम, क्लिनिक संचालक और मेडिकल स्टाफ पर गंभीर आरोप लगाए हैं। तहरीर के मुताबिक खेसरारी भरपटिया निवासी श्याम 23 नवंबर को प्रेमिका गरिमा को निचलौल स्थित गुप्ता क्लिनिक ले गया, जहां डॉक्टर उदित गुप्ता और शिल्पा विश्वकर्मा ने उसे सात माह की गर्भवती बताते हुए कथित रूप से अवैध गर्भपात कराया। ऑपरेशन के दौरान गरिमा की हालत बिगड़ गई। आरोप है कि उसके बाद क्लिनिक के जिम्मेदार लोग ताला लगाकर फरार हो गए। इसके बाद प्रेमी श्याम युवती को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने सबसे पहले प्रेमी श्याम को हिरासत में लेकर जेल भेजा, उसके बाद इस घटना में बाकी नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी कर जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *