सिसवा नगर पालिका अध्यक्ष ने पीड़ित परिवारों को दिया सहारा, प्रत्येक परिवार के एक सदस्य को आउटसोर्सिंग पर नौकरी का ऐलान

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी

सिसवा बाजार/महराजगंज । नगर पालिका परिषद क्षेत्र के मीराबाई नगर वार्ड संख्या-25 के पोखरा टोला स्थित निर्माणाधीन अमृत सरोवर में डूबने से तीन मासूम बच्चों की मौत की हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। हादसे के बाद मृतक बच्चों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार पिछले रविवार को चार बच्चे निर्माणाधीन सरोवर में नहाने गए थे। इसी दौरान तीन बच्चे गहरे पानी में डूब गए, जबकि एक बच्चा किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आया। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दर्दनाक घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया।

घटना पर नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष शकुंतला जायसवाल व उनके प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतक बच्चों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने पीड़ित परिवारों को राहत देते हुए प्रत्येक मृतक बच्चे के परिवार से एक सदस्य को नगर पालिका में आउटसोर्सिंग के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने की घोषणा की।

नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि इस दुख की घड़ी में नगर पालिका और वह स्वयं पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी हैं। मृतक बच्चों के परिजनों के दुख की भरपाई तो संभव नहीं है, लेकिन परिवारों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि बच्चों की असमय मौत बेहद पीड़ादायक है और इस घटना से पूरा क्षेत्र स्तब्ध है।

अध्यक्ष की इस संवेदनशील पहल की क्षेत्रवासियों ने जमकर सराहना की। लोगों का कहना है कि दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़े होकर उन्हें रोजगार का सहारा देने का निर्णय मानवीय संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *