गंभीर मरीजों को गोरखपुर और लखनऊ तक पहुंचाने में मिलेगी सहूलियत, नगर पालिका अध्यक्ष के सौजन्य से मिली सेवा
हर्षोदय टाइम्स / अर्जुन चौधरी
सिसवा बाजार/महराजगंज। सिसवा नगर पालिका परिषद के लिए स्वतंत्रता दिवस इस बार एक नई सौगात लेकर आएगा। नगर क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं की दिशा में बड़ी पहल करते हुए नगर पालिका को पहली बार अपनी एंबुलेंस मिलने जा रही है। इस एंबुलेंस को आगामी 15 अगस्त को नगरवासियों की सेवा के लिए समर्पित किया जाएगा।
एंबुलेंस सेवा शुरू होने के बाद सिसवा क्षेत्र के गंभीर मरीजों, दुर्घटना में घायल व्यक्तियों तथा आपातकालीन स्थिति वाले मरीजों को बेहतर उपचार के लिए गोरखपुर और लखनऊ जैसे बड़े चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने में काफी सहूलियत मिलेगी। समय पर अस्पताल पहुंचाने में यह सेवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
नगरवासियों को यह सुविधा शकुन्तला जायसवाल के सौजन्य से उपलब्ध कराई जा रही है। उनके प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने एंबुलेंस उपलब्ध कराने की पहल की है। नगर क्षेत्र में पहली बार अपनी एंबुलेंस सेवा उपलब्ध होने की खबर से लोगों में खुशी का माहौल है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, सिसवा क्षेत्र में लंबे समय से ऐसी सुविधा की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। निजी एंबुलेंस के लिए होने वाले खर्च और आपात स्थिति में वाहन की उपलब्धता जैसी समस्याओं के बीच नगर की अपनी एंबुलेंस लोगों के लिए काफी राहतकारी साबित हो सकती है।
नगरवासियों ने इस जनहितकारी पहल का स्वागत करते हुए शकुन्तला जायसवाल और उनके प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में शुरू होने वाली यह सुविधा जरूरतमंद मरीजों के लिए समय पर उपचार तक पहुंचने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी।


