हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
निचलौल/ महराजगंज (22 नवंबर 2025)। : जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने तहसील निचलौल के ग्राम रामचन्द्रही स्थित निर्माणाधीन सोहगीबरवा इको टूरिज्म परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजना से जुड़ी प्रगति, लागत, निर्माण की समय-सीमा तथा शेष कार्यों की जानकारी विस्तार से ली।
सहायक पर्यटक अधिकारी प्रभाकर मणि ने डीएम को अवगत कराया कि परियोजना की कुल लागत 484.73 करोड़ रुपये निर्धारित है। इसमें एडमिन ब्लॉक, एकोमोडेशन ब्लॉक टाइप-1 एवं टाइप-2, कैफेटेरिया सहित कई प्रमुख कार्य शामिल हैं। उन्होंने बताया कि परियोजना को सितंबर 2024 में शुरू होना था, लेकिन वन विभाग की आपत्ति और जल जमाव के कारण कार्य जुलाई 2025 में शुरू हो सका। कार्यदाई संस्था द्वारा आरंभ तिथि परिवर्तन हेतु विभाग को पत्र भेजा गया है।
जिलाधिकारी ने स्थल पर मौजूद अधिकारियों को पानी निकालने की प्रक्रिया तेज करने और निर्माण कार्य में गति लाने के निर्देश दिए, ताकि परियोजना को जल्द से जल्द पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि तिथि परिवर्तन को लेकर पर्यटन विभाग और शासन से शीघ्र पत्राचार सुनिश्चित किया जाए, जिससे सीएम डैशबोर्ड पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
डीएम शर्मा ने कहा कि जनपद में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, इसलिए सभी पर्यटन परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान एआर कोऑपरेटिव सुनील गुप्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


