ग्राम चौपाल में जिलाधिकारी ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, पराली जलाने पर कसा शिकंजा

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज

महराजगंज, 15 नवम्बर 2025। जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा ने रविवार को सदर तहसील के ग्राम पंचायत खोश्टा में आयोजित ग्राम चौपाल में पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र विशेष मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बीएलओ घर-घर जाकर फार्म 6, 7 व 8 उपलब्ध करा रहे हैं, जिन्हें ग्रामीण समय पर जमा करें। उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी योग्य मतदाताओं का नाम निर्वाचक नामावली में शामिल किया जाएगा।

पराली जलाने के मुद्दे पर जिलाधिकारी ने कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि पराली जलाना दंडनीय अपराध है, जिस पर ₹50,000 तक का जुर्माना लग सकता है। इसके साथ ही किसानों की खेतवार मैपिंग कर सैटेलाइट के माध्यम से निगरानी की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए तथा ग्राम प्रधान को डुगडुगी के माध्यम से जनजागरण करने को कहा।

चौपाल में 70 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों को आयुष्मान कार्ड बांटे गए। जिलाधिकारी ने कहा कि जो वरिष्ठ नागरिक अब तक यह सुविधा नहीं ले पाए हैं, वे शीघ्र अपना कार्ड बनवा लें।

चौपाल की शुरुआत जिलाधिकारी ने दीप प्रज्ज्वलन व मां सरस्वती तथा बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण के साथ की।

ग्राम सभा से संबंधित आंकड़ों में बताया गया कि गांव की आबादी 3400 है, 512 परिवार निवास करते हैं। 125 ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुए हैं। वृद्धा पेंशन 194, विधवा पेंशन 58 व दिव्यांग पेंशन 25 लोगों को मिल रही है। ग्राम में 832 व्यक्तिगत शौचालय निर्मित किए जा चुके हैं।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए हेल्थ कैंप में 246 मरीजों का परीक्षण कर दवाइयां वितरित की गईं, साथ ही पात्र ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रमाण पत्र दिए गए। कृषि विभाग द्वारा फार्मर रजिस्ट्री में 50 किसानों का पंजीकरण हुआ।

ग्राम चौपाल में जिलाधिकारी ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, पराली जलाने पर कसा शिकंजा

ग्राम प्रधान दीपक जायसवाल व प्रधान संघ अध्यक्ष अनिल जोशी ने जिलाधिकारी का पुष्पगुच्छ व महात्मा बुद्ध की प्रतिमा भेंटकर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन जिला विकास अधिकारी ने किया। इस दौरान पंचायत राज, मनरेगा, समाज कल्याण, ब्लॉक तथा अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *