हेल्प डेस्क के माध्यम से लाभार्थियों को किया गया सुविधाओं से लाभान्वित
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज, 15 नवम्बर 2025 – जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने तहसील फरेंदा में संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जन शिकायतों की सुनवाई की। इस दौरान कुल 105 जनशिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 17 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को प्रेषित करते हुए डीएम ने तय समय सीमा में त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का निर्देश दिया।
जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने पिछले समाधान दिवस की शिकायतों का रैंडम फीडबैक भी लिया। शिकायतकर्ता इंद्रासन पुत्र मानिक ने भूमि पैमाइश के बावजूद पत्थर नसब न होने की शिकायत की, जिस पर डीएम ने लेखपाल सुभाष प्रसाद पटेल से स्पष्टीकरण मांगा।
जिलाधिकारी ने मिठौरा ब्लॉक की 14, सिसवा की 12 तथा निचलौल की 18 शिकायतों के स्थलीय सत्यापन हेतु अधिकारियों को नामित करते हुए एक सप्ताह में आख्या प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
भूमि विवाद संबंधी मामलों पर डीएम ने राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर निरीक्षण कर निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को स्पॉट मेमो बनाने, स्थलीय भ्रमण करने तथा निस्तारण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए।
इस समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों में 25 राजस्व से संबंधित , 30 पुलिस विभाग से संबंधित , 50 विकास विभाग से संबंधित जबकि 05 अन्य विभागों से संबंधित रहीं।
डीएम ने संपूर्ण समाधान दिवस को अंतर्विभागीय समन्वय का मंच बनाकर त्वरित समाधान की व्यवस्था लागू करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि जिलास्तरीय अधिकारी एसडीएम/बीडीओ से जुड़े मामलों को वहीं प्रस्तुत करें, ताकि तत्काल कार्रवाई हो सके।
डीएम के निर्देश पर समाधान दिवस में विभिन्न विभागों द्वारा हेल्प डेस्क लगाए गए, जिनमें आयुष्मान डेस्क, आयुष स्वास्थ्य डेस्क, कृषि विभाग द्वारा किसान सम्मान निधि, खाद्य एवं रसद विभाग द्वारा किसान पंजीकरण आदि शामिल रहे। मौके पर कई फरियादियों को लाभार्थी योजनाओं से संबद्ध भी किया गया।

कार्यक्रम से पूर्व जिलाधिकारी ने भगवान बिरसा मुंडा की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर उपस्थित प्रमुख अधिकारियों में सीएमओ डॉ. श्रीकांत शुक्ला, एसडीएम निचलौल सिद्धार्थ गुप्ता, डीडीओ बी.एन. कन्नौजिया, एआर कोऑपरेटिव सुनील गुप्ता, डीपीआरओ श्रेया मिश्रा सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।

