हिस्सेदारी के विवाद में बेटे ने पिता पर किया जानलेवा हमला, सिर और चेहरे पर लगे 20 टांके

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


परतावल (महराजगंज)। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के धरमौली गांव में पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर हुए विवाद ने एक परिवार को संकट में डाल दिया। आरोप है कि हिस्सेदारी को लेकर हुए विवाद के दौरान बेटे ने अपने ही पिता पर लोहे के पंच से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल में उपचार चल रहा है।


जानकारी के अनुसार, धरमौली गांव निवासी गिरजेश (45) ने बताया कि उनके बेटे का विवाह लगभग एक माह पूर्व हुआ था। विवाह के बाद से वह अलग रहने और पैतृक संपत्ति में अपना हिस्सा देने की मांग कर रहा था। इसी बात को लेकर सोमवार दोपहर घर में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।


आरोप है कि विवाद के दौरान बेटे ने पास में रखा लोहे का पंच उठाकर पिता पर कई वार कर दिए। हमले में गिरजेश के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े।


घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर घायल को परिजनों के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के दौरान उनके सिर और चेहरे पर करीब 20 टांके लगाए। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और उपचार जारी है।


श्यामदेउरवा थाना प्रभारी अक्षय सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से जानकारी ली जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *