हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज, 02 नवम्बर। गणेश शंकर विद्यार्थी स्मारक इंटर कॉलेज, महराजगंज के प्रांगण में महराजगंज महोत्सव-2025 के अंतर्गत “विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी की अनोखी पहल” विषयक तीन दिवसीय विज्ञान प्रदर्शनी का उद्घाटन एवं अवलोकन रविवार को क्षेत्रीय सांसद एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने किया।
कार्यक्रम में उनके साथ सदर विधायक जयमंगल कनौजिया, जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

मा० मंत्री पंकज चौधरी ने दीप प्रज्वलन कर प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। तत्पश्चात उन्होंने बाल वैज्ञानिकों द्वारा प्रस्तुत मोबाइल प्लैनेटेरियम, रॉकेट लॉन्चिंग, दूरबीन से आकाशीय पिंडों का अवलोकन, कृषि यंत्रों के मॉडल तथा वैज्ञानिक नवाचारों की प्रदर्शनी का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से संवाद कर उनकी सराहना की और कहा कि “देश का भविष्य इन्हीं बाल वैज्ञानिकों के हाथों में सुरक्षित है। विज्ञान और प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार बजट में विशेष प्रावधान कर रही है।”
उन्होंने बाल वैज्ञानिकों के उत्साह की प्रशंसा करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने जीएसबीएस इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ भी किया।

विद्यालय के विज्ञान शिक्षक श्री अमरेंद्र शर्मा ने बताया कि इस प्रदर्शनी में जिले के लगभग 50 विद्यालयों के 1000 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया है। प्रदर्शनी में प्रस्तुत मॉडलों ने आगंतुकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह, परियोजना निदेशक रामदास चौधरी, डीआईओएस पी.के. शर्मा, विद्यालय प्रबंधक बलराम भट्ट, अध्यापकगण, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

