तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित, बाइक सवार मां-बेटे नाली में गिरे, एंबुलेंस कर्मियों की तत्परता से बची दोनों की जान

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स / सुनील मणि त्रिपाठी

महराजगंज। धानी क्षेत्र में तेज रफ्तार पिकअप के अनियंत्रित होने से एक बड़ा हादसा हो गया। बेलसड ग्राम निवासी एक युवक अपनी मां को मोटरसाइकिल से धानी बाजार ले जा रहा था, तभी सिकरा बाजार चौराहे के पास सामने से आ रही पिकअप के बेकाबू होने से दोनों सड़क किनारे बनी नाली में जा गिरे। हादसे में मां-बेटे को गंभीर चोटें आईं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बेलसड गांव निवासी दीपक पुत्र राम तिलक अपनी मां को मोटरसाइकिल पर बैठाकर धानी बाजार जा रहा था। जैसे ही वह सिकरा चौराहे के समीप पहुंचा, फरेंदा की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप अचानक अनियंत्रित हो गई। पिकअप को बचाने के प्रयास में मोटरसाइकिल सवार दीपक और उसकी मां संतुलन खो बैठे और सड़क किनारे नाली में गिर पड़े।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस संख्या UP 32 GG 1495 के मेडिकल टेक्नीशियन जय सिंह यादव और पायलट जमुना प्रसाद मौके पर पहुंचे। दोनों कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को प्राथमिक उपचार दिया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानी पहुंचाया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉ. संजय मिश्रा और फार्मासिस्ट संजय ने मां-बेटे का इलाज किया। डॉक्टरों के अनुसार समय पर उपचार मिलने से दोनों की स्थिति अब खतरे से बाहर है।

स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस कर्मियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि सरकार की आपातकालीन एंबुलेंस सेवा के कारण ही समय रहते उपचार संभव हो सका और दोनों की जान बच गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *