हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज। जिले में इस बार का महराजगंज महोत्सव कुछ खास होने वाला है। 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक आयोजित होने जा रहे इस तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं। प्रशासनिक स्तर पर सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
खास बात यह है कि महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय से लेकर पर्यटन विभाग के शीर्ष अधिकारियों तक को नियंत्रण सूचना भेजी गई है। जानकारी के मुताबिक, प्रदेश के सभी 75 जिलों के जिलाधिकारियों और मंडलायुक्तों को भी आमंत्रण पत्र भेजा गया है।
कार्यक्रम में मनोरंजन की भी पूरी व्यवस्था की गई है। बॉलीवुड के मशहूर सिंगर अंकित तिवारी और असित त्रिपाठी अपनी प्रस्तुति देंगे, जबकि भोजपुरी नाइट में गायिका कल्पना पटवारी दर्शकों को झूमने पर मजबूर करेंगी। वहीं, यूफोरिया बैंड अपनी रॉक परफॉर्मेंस से माहौल को जोश से भर देगा।
ग़ज़ल प्रेमियों के लिए सत्यम अपनी मधुर गायकी पेश करेंगे, जबकि कवि सम्मेलन में देश के चर्चित कवि अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।
माना जा रहा है कि यह महोत्सव महराजगंज की कला, संस्कृति और परंपरा को नई पहचान देने के साथ-साथ पर्यटन विकास की दिशा में भी मील का पत्थर साबित होगा।

