गेड़हवा गांव में तेंदुआ की दस्तक, ग्रामीणों में दहशत

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज। निचलौल थाना क्षेत्र के गेड़हवा गांव में रविवार सुबह तेंदुआ देखे जाने की सूचना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने झाड़ियों के पास एक तेंदुए को घूमते देखा तो शोर मचाते हुए भाग खड़े हुए। कुछ ही देर में इसकी खबर पूरे इलाके में फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके की ओर दौड़ पड़े।

सोहगी बरवां वन्य जीव प्रभाग अंतर्गत गोड़हवा गांव के ग्रामीणों के अनुसार बाहर स्थित आम के बगीचे से तेंदुआ निकलकर खेतों की ओर चला गया। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम गांव पहुंची और मौके का निरीक्षण किया। टीम ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और बच्चों को अकेले बाहर न भेजने की सलाह दी है।

निचलौल रेंज के वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि आसपास के जंगलों में वन्यजीवों की गतिविधियां बढ़ी हैं। संभावना है कि तेंदुआ भोजन की तलाश में आबादी की ओर आ गया हो। गांव के आसपास निगरानी के लिए वन विभाग की टीम तैनात कर दी गई है।

ग्रामीणों ने मांग की है कि क्षेत्र में रात के समय पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना को टाला जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *