हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी
सिसवा बाजार/महराजगंज- जनपद के घुघली-सिसवा मुख्य मार्ग पर ग्राम सभा मटियरिया के पास रविवार सुबह 11:30 बजे के करीब एक बाइक और कार में जबरदस टक्कर हो गई। इस सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
घायलों की पहचान मटियरिया निवासी 14 वर्षीय रितेश साहनी पुत्र राजदेव साहनी और 22 वर्षीय शैलेंद्र साहनी पुत्र दल्लू साहनी के रूप में हुई है। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक व कार दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बाइक सवार दोनों युवकों को गंभीर चोटें आईं।
स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा पहुंचाया गया। दोनों घायलों की स्थिति गंभीर देखते हुए, प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और दुर्घटनाग्रस्त बाइक और कार दोनों को अपने कब्जे में ले लिया। हालांकि, कार चालक घटना के तुरंत बाद मौके से फरार हो गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वे घटना की जांच कर रहे हैं और फरार कार चालक की तलाश जारी है। जांच के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

