हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र के खेमपिपरा गांव के पास शुक्रवार शाम करीब पाँच बजे गौनरिया माइनर नहर से एक अज्ञात महिला का सिर कटा शव मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकाला।
प्राथमिक जांच में पता चला कि मृतका का धड़ निर्वस्त्र था और सिर धड़ से अलग लटक रहा था। शव सड़ा-गला और पूरी तरह फूल चुका था, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। पुलिस का अनुमान है कि शव लगभग एक सप्ताह पुराना है। आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या किसी और स्थान पर कर शव को नहर में फेंक दिया गया। साथ ही दुष्कर्म की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा, जिसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया है। नियम के अनुसार शव को 72 घंटे सुरक्षित रखा जाएगा ताकि उसकी पहचान संभव हो सके।
सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि आसपास के थानों में लापता व्यक्तियों की सूची खंगाली जा रही है। मृतका की पहचान होने के बाद ही घटना का खुलासा हो पाएगा।

