हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। हाजी अज़हर खान इंटर कॉलेज में रक्षाबंधन के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान शिक्षिकाओं एवं छात्राओं ने विद्यालय के प्रबंधक मोहम्मद सलीम खान तथा शिक्षकों की कलाई पर राखी बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को और मजबूत किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में सौहार्द, अपनत्व और भाईचारे का माहौल देखने को मिला।
छात्राओं एवं शिक्षिकाओं ने राखी बांधकर भाई-बहन के रिश्ते की भावना को जीवंत किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक मोहम्मद सलीम खान ने सभी छात्राओं एवं शिक्षिकाओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वह हमेशा छात्राओं के साथ भाई की तरह खड़े रहेंगे और उनके हित में हर संभव सहयोग प्रदान करेंगे।
प्रबंधक ने कहा कि भाई-बहन का रिश्ता आपसी विश्वास, सम्मान और सुरक्षा का प्रतीक है। विद्यालय में इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव की भावना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।




