गंडक में नेपाल से बहकर आए तीन शव, मचा हड़कंप

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


टेलफाल के पास नदी में मिले दो महिलाओं और एक पुरुष के शव, एसएसबी-एसडीआरएफ ने मोटरबोट से किया रेस्क्यू; प्रशासन ने तटीय इलाकों में बढ़ाई निगरानी

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज। नेपाल में आई भीषण बाढ़ का असर अब भारतीय क्षेत्र में भी दिखाई देने लगा है। गुरुवार को निचलौल क्षेत्र के टेलफाल के समीप गंडक नदी में तीन शव उतराते मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही एसएसबी, एसडीआरएफ और निचलौल पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।


नदी में तेज बहाव और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच एसएसबी की रेस्क्यू टीम ने मोटरबोट की मदद से तीनों शवों को नदी से बाहर निकाला। बरामद शवों में दो महिलाओं और एक पुरुष के होने की जानकारी सामने आई है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि नेपाल में आई बाढ़ के तेज बहाव में बहकर ये शव गंडक नदी के रास्ते भारतीय सीमा में पहुंचे हैं।


रेस्क्यू के बाद तीनों शवों को एंबुलेंस से जिला मुख्यालय स्थित मर्चरी हाउस भेज दिया गया। पुलिस मृतकों की पहचान कराने में जुटी है। साथ ही नेपाल के संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर मृतकों के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *