हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। विकास खण्ड परतावल अंतर्गत ग्राम पंचायत तरकुलवा तिवारी निवासी मोहम्मद सरफराज खान (पुत्र मोहम्मद आजम खान) ने मात्र सात वर्ष की आयु में माहे रमजान का पहला रोजा रखकर मिसाल पेश की है। कम उम्र में धार्मिक आस्था और अनुशासन का परिचय देते हुए सरफराज ने पूरे उत्साह के साथ रोजा रखा, जिसे लेकर परिवार और गांव में खुशी का माहौल है।
परिजनों के अनुसार सरफराज ने स्वयं रोजा रखने की इच्छा जताई थी। सुबह सहरी के समय वह उत्साहपूर्वक उठा और पूरे दिन सब्र व संयम के साथ रोजा निभाया। इफ्तार के समय परिवार के लोगों ने उसकी हौसला अफजाई की और दुआओं के साथ रोजा खुलवाया।
गांव के लोगों ने भी सरफराज की लगन और धार्मिक भावना की सराहना की है। परिजनों ने बताया कि बच्चों में अच्छे संस्कार और धार्मिक शिक्षा का यही परिणाम है कि इतनी कम उम्र में वह अपने फर्ज को समझते हुए पहला रोजा रखने में सफल रहा।


