हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
परतावल/ महाराजगंज। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर GD National School, धनहा नायक की छात्राओं ने श्यामदेउरवा थाने पहुंचकर थाना प्रभारी सत्यप्रकाश सिंह समेत पुलिसकर्मियों की कलाई पर राखी बांधी। छात्राओं ने पुलिसकर्मियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनके प्रति सम्मान और स्नेह व्यक्त किया।
साक्षी सिंह, अमृता, जागृति, गुड़िया, मनीषा, आंशिक, रिया समेत अन्य छात्राओं ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। छात्राओं के स्नेह से पुलिसकर्मी भी प्रसन्न नजर आए। थाना प्रभारी सत्यप्रकाश सिंह ने छात्राओं को मिठाइयां और उपहार भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस दौरान विद्यालय की शिक्षिका अंजली, शिक्षिका जानवी और विद्यालय के निदेशक इंजीनियर चंदन गुप्ता भी मौजूद रहे। उन्होंने छात्राओं का उत्साह बढ़ाया और पुलिसकर्मियों के साथ रक्षाबंधन की खुशियां साझा कीं।
पुलिसकर्मियों और छात्राओं के बीच मनाया गया यह रक्षाबंधन कार्यक्रम आपसी सम्मान, विश्वास और भाईचारे का संदेश देता नजर आया। कार्यक्रम हर्षोल्लास एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

