हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
परतावल/ महाराजगंज। विकास खंड परतावल के श्यामदेउरवा स्थित गिरिजा देवी इंटरमीडिएट कॉलेज में गुरुवार को रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास और आत्मीयता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में भाई-बहन के पवित्र रिश्ते की मिठास देखने को मिली। छात्राओं ने अपने सहपाठी भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर स्नेह और विश्वास का रक्षासूत्र कायम किया, वहीं छात्रों ने भी बहनों को उपहार भेंट कर अपने प्रेम का इजहार किया।
इस दौरान विद्यालय के शिक्षकों ने रक्षाबंधन के सामाजिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए पर्व से जुड़े प्रेरक प्रसंग सुनाए। शिक्षकों ने कहा कि रक्षाबंधन केवल राखी बांधने का पर्व नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सम्मान और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का अवसर भी है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रबंधक मनोज पाण्डेय और प्रधानाचार्या सोनी पाण्डेय ने छात्र-छात्राओं को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूरे विद्यालय परिसर में उत्सव और भाई-बहन के स्नेह से जुड़ा खुशनुमा माहौल बना रहा।

