कुशीनगर में पिता की तीसरी शादी बना विवाद का कारण, बेटे ने की हत्या

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स से अजय कुमार पाठक

कसया (कुशीनगर)। कसया थाना क्षेत्र के चिरगोड़ा धुसी गांव में रविवार रात पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। पिता की तीसरी शादी से नाराज सत्येंद्र यादव (24) ने अपने पिता ईश्वर यादव (55) की रॉड और चाकू से निर्मम हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने लाश को छत से नीचे फेंक दिया।

बीच बचाव करने पर सौतेली मां अंजलि भी घायल हो गईं। घटना के बाद आरोपी बेटे ने खुद डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त रॉड और चाकू बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, ईश्वर यादव की पहली पत्नी के निधन के बाद दूसरी शादी असफल रही थी। करीब डेढ़ वर्ष पूर्व उन्होंने तीसरी शादी की थी। इसी बात को लेकर बेटा सत्येंद्र नाराज चल रहा था। रविवार देर रात खाने को लेकर हुए मामूली विवाद ने हत्या का रूप ले लिया।

घटना की तहरीर सौतेली मां अंजलि ने पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर सोमवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *