हर्षोदय टाइम्स से विवेक कुमार पाण्डेय
महराजगंज। जिले में शुक्रवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। पकड़ी दीक्षित स्थित काशी प्रसाद दीक्षित शिक्षण एवं प्रशिक्षण बीटीसी महाविद्यालय के उपनिदेशक तथा महराजगंज पीजी कॉलेज के पूर्व प्राचार्य साधुशरण दीक्षित के पुत्र विवेक कुमार दीक्षित का असमय निधन हो गया। विवेक दीक्षित पूर्व प्रधान प्रतिनिधि भी रहे थे और सामाजिक व शैक्षिक क्षेत्र में उनकी सक्रियता के चलते उनकी अलग पहचान थी।
परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार रात लगभग आठ बजे विवेक दीक्षित अपने महाविद्यालय से मोटरसाइकिल पर घर लौट रहे थे। शिकारपुर पुलिस चौकी के पास अचानक एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया जहां इलाज के दौरान आज दिन शनिवार को उनकी मृत्यु हो गई।
जैसे ही यह खबर क्षेत्र में पहुंची, शिक्षाविदों, छात्रों और समाजसेवियों के बीच शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पत्नी और बच्चों की स्थिति अत्यंत दयनीय बताई जा रही है। विवेक दीक्षित अपने सहज स्वभाव, प्रगतिशील सोच और शिक्षा में नवाचार के लिए जाने जाते थे।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है। शिकारपुर चौकी प्रभारी ने बताया कि घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि दुर्घटना करने वाले वाहन और चालक की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि दोषी को जल्द पकड़कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की प्रक्रिया की जाएगी।

