महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर सजग रहना ही सशक्त समाज की नींव : डॉ. रामनिवास
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) हरपुर तिवारी में मंगलवार को “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत सदस्य आशिक अली ने फीता काटकर किया। उन्होंने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार और समाज की पहचान है।
इस अवसर पर मौजूद चिकित्सक डॉ. रामनिवास प्रजापति ने महिलाओं के स्वास्थ्य संबंधी पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराना आवश्यक है। उन्होंने महिलाओं को आयरन, कैल्शियम और संतुलित आहार की महत्ता पर जोर दिया।
फार्मासिस्ट धीरेन्द्र कृष्ण त्रिपाठी और अतुलेन्द्र द्विवेदी ने ग्रामीणों को सरकार द्वारा संचालित स्वास्थ्य योजनाओं और सुविधाओं के बारे में जानकारी दी।
महिलाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से कार्यक्रम में स्टॉफ नर्स रिशु नायक, वार्ड बॉय चंद्रकेश प्रसाद, वार्ड आया भोली तथा एनआरएम संस्था की एफएनएचडब्ल्यू प्रमिला ने भी अपनी भूमिका निभाई और लोगों को सजग रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। आयोजकों ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक कर एक मजबूत और सशक्त परिवार की नींव तैयार करना है।

