हर्षोदय टाइम्स से शेषमणि पाण्डेय
परतावल/ महाराजगंज। परतावल विकास खंड क्षेत्र के ग्रामसभा सेमरा चन्द्रौली में ग्रामीणों को एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। गुरुवार को पनियरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने भव्य विवाह भवन निर्माण के लिए भूमि पूजन किया।

ग्राम प्रधान सचिन कुमार सिंह ने बताया कि यह भवन लगभग 60 डिसमिल भूमि पर बनाया जाएगा, जिसकी अनुमानित लागत 3 करोड़ 50 लाख रुपये है। इस भवन तैयार हो जाने पर गांव के लोगों को सामाजिक एवं पारिवारिक आयोजनों के लिए सुविधाजनक स्थल मिलेगा। अब लोगों को विवाह या अन्य बड़े कार्यक्रमों के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम में डीपीआरओ महाराजगंज श्रेया मिश्रा विशेष रूप से मौजूद रहीं। उनके साथ महेंद्र सिंह, पूर्व प्रधान योगेंद्र शर्मा, प्रतिनिधि नंदू दुबे और बृजेश सिंह सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
स्थानीय लोगों ने कहा कि लंबे समय से विवाह भवन की मांग की जा रही थी। इस पहल से क्षेत्र की सामाजिक गतिविधियों को गति मिलेगी और ग्रामीणों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।



 
	 
						 
						