जलभराव और बदहाल मार्ग से परेशान ग्रामीण, जिला पंचायत प्रतिनिधि ने डीएम से की कार्रवाई की मांग

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज

भिटौली/महराजगंज: विकास खण्ड परतावल के सिसवा मुंशी चौराहे पर जलभराव और सिरसिया में एनएच-730 से नहर पटरी तक के जर्जर मार्ग ने ग्रामीणों और स्कूली बच्चों का जीवन मुश्किल बना दिया है। इन दोनों समस्याओं को लेकर समाजसेवी एवं जिला पंचायत प्रतिनिधि शमशाद आलम ने जिलाधिकारी महराजगंज को शिकायती पत्र सौंपा है।

जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि शमशाद आलम

शमशाद आलम ने बताया कि सिसवा मुंशी चौराहे पर जल निकासी की कोई व्यवस्था न होने से हल्की बरसात में भी पूरा चौराहा जलमग्न हो जाता है। इससे स्कूली बच्चों के लिए विद्यालय जाना कठिन हो जाता है, वहीं आम राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

शिकायत पत्र में कहा गया है कि एनएच-730 से सिरसिया नहर पटरी तक का मार्ग बड़ी आबादी को जोड़ने वाला मुख्य रास्ता है, लेकिन इसकी स्थिति बेहद खराब है। गड्ढों और कीचड़ के कारण लोगों का आना-जाना जोखिम भरा हो गया है।

सिसवा मुंशी चौराहा डेरवा, तरकुलवा तिवारी, गंगराई, लक्ष्मीपुर खास, पिपरपाती तिवारी, जमुनिया, बेलवा बुजुर्ग सहित दर्जनों गांवों का केंद्र है। हजारों लोग रोजमर्रा की आवश्यकताओं के लिए इसी चौराहे से गुजरते हैं। लेकिन नालियों के अभाव में यहां जलभराव स्थायी समस्या बन चुका है।

ग्रामीणों और प्रतिनिधि ने जिलाधिकारी से दोनों समस्याओं का तत्काल समाधान कराने की मांग की है। चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *