हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज

शोर सुनकर जागे परिजन व ग्रामीण, मौके पर पकड़कर पुलिस को सौंपा; किशोर न्याय बोर्ड ने भेजा बाल सुधार गृह
महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार रात एक गंभीर घटना सामने आई, जहां छत पर बने कमरे में सो रही किशोरी के साथ अनाचार का प्रयास किया गया। पीड़िता के शोर मचाने पर परिजन और आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंच गए और आरोपित किशोर को पकड़ लिया।
बताया जा रहा है कि 30 मार्च की रात लगभग 10 बजे किशोरी भोजन के बाद अपने छत पर बने कमरे में सोने गई थी। इसी दौरान दूसरे गांव का एक किशोर घर में घुस आया और अनुचित हरकत करने लगा। विरोध और शोर सुनकर परिवार के सदस्य और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा आरोपित को पकड़ लिया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपित की पिटाई कर दी और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह भीड़ से उसे छुड़ाया और अपने साथ थाने ले गई।
थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपित किशोर को गिरफ्तार कर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे बाल सुधार गृह गोरखपुर भेज दिया गया है।
पुलिस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आगे की कार्रवाई में जुटी है।

