हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो, महराजगंज
ठूठीबारी/महराजगंज। नेपाल सीमा पर तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान में शनिवार को ठूठीबारी पुलिस को बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने 21 बोरी यूरिया खाद के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी महेंद्र मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ठूठीबारी कस्बा क्षेत्र में वाहनों की चेकिंग की। इस दौरान एक पिकअप वाहन (संख्या UP56T6639) को रोककर तलाशी ली गई। जांच में वाहन से 21 बोरी यूरिया खाद बरामद हुई, जिसे नेपाल ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचने की योजना थी।
पुलिस ने मौके से आरोपी सरफराज (34 वर्ष), पुत्र समीम, निवासी ग्राम जमुई थाना ठूठीबारी को गिरफ्तार कर लिया। बरामद वाहन और खाद को पुलिस ने जब्त कर कस्टम विभाग के हवाले कर दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीमावर्ती इलाकों में तस्करी रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

