जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज, 18 अगस्त। तहसील फरेंदा में सोमवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने जनसुनवाई कर लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान कुल 90 प्रकरण दर्ज हुए, जिनमें से 20 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
जिलाधिकारी ने भूमि संबंधी मामलों के त्वरित निस्तारण हेतु राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर स्थलीय निरीक्षण करने और स्पॉट मेमो आख्या के साथ संलग्न करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करना होगा।
समाधान दिवस के दौरान हेल्प डेस्क, आयुष्मान डेस्क, स्वास्थ्य शिविर और यूडीआईडी शिविर भी लगाए गए, जहां लाभार्थियों ने पंजीकरण कर योजनाओं का लाभ उठाया। जिलाधिकारी के इस पहल की फरियादियों ने सराहना की।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना, सीएमओ डॉ. श्रीकांत शुक्ला, एसडीएम फरेंदा शैलेन्द्र गौतम, डीडीओ बी.एन. कन्नौजिया, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कन्हैया यादव, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, डीपीआरओ श्रेया मिश्रा सहित कई जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।



