हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज : देवरिया जनपद के मईल थाना क्षेत्र अंतर्गत जमुआ गांव के पास एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस घटना में पेड़ के नीचे दबने से महाराजगंज के दो लोगों की मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार की देर रात तेज आंधी और बारिश के बीच महराजगंज से मछली लेकर बलिया जा रहे पिकअप वाहन के उपर पीपल का एक विशाल पेड़ गिर पड़ा, जिससे श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के तरकुलवा उर्फ भटगांवा निवासी सुग्रीव यादव (46 वर्ष) व उनके साथी की मौके पर ही मौत हो गई।

मालूम हो कि रात करीब दस बजे पिकअप जैसे ही जमुआ गांव के पास पहुंची, तभी तेज आंधी और बारिश के दौरान सड़क किनारे खड़ा एक विशाल पीपल का पेड़ अचानक टूटकर वाहन के ड्राइवर केबिन पर गिर गया। हादसा इतना जबरदस्त था कि ड्राइवर व उसके पास बैठे एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी राहगीरों ने पुलिस को दी। सूचना मिलने पर मईल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पेड़ को हटाकर शवों को बाहर निकाला गया।
मृतकों की पहचान के बाद स्वजनों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

