वार्ड 11 गांधीनगर में शोक की लहर, परिजन को आर्थिक मदद की मांग
पनियरा/महराजगंज : नगर पंचायत पनियरा के वार्ड नंबर 11 गांधीनगर में गुरुवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया। परिवार की आजीविका मजदूरी से चलाने वाले राम आसरे उर्फ पन्नेलाल (35) की एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गुरुवार रात लगभग 8 बजे राम आसरे पनियरा आरकल के पास सब्जी खरीदने के बाद अपने घर जा रहे थे। तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही उनकी स्थिति गंभीर हो गई और बाद में उनकी मौत हो गई।

हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिल गई है और परिजनों की ओर से तहरीर मिलते ही कार चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी। फिलहाल पुलिस वाहन और चालक की पहचान में जुटी है।
राम आसरे मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर संकट का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है, ताकि इस कठिन समय में उनका सहारा बन सके।

