हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज जनपद के श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत परतावल बाजार में स्थित एक मंदिर में शनिवार को एक प्रेमी युगल ने शादी रचाई। शादी के बाद दोनों माला पहनकर खुलेआम परतावल नगर पंचायत के एक वार्ड में घूमने लगे, जिसे देखकर लोगों की भीड़ जुट गई। इसके बाद किसी ने इस पूरे मामले की सूचना पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही श्यामदेउरवां थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और प्रेमी युगल को अपने साथ पुलिस चौकी ले गयी। यहां दोनों ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई।
चौकी प्रभारी जटाशंकर ने पूछताछ के दौरान जब युवती का आधार कार्ड देखा तो वह नाबालिग पाई गई। इसके बाद पुलिस ने युवती के परिजनों को चौकी बुलाया। युवती गोरखपुर जनपद के पिपराइच थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है, जबकि प्रेमी युवक महराजगंज जनपद के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत परतावल के एक वार्ड का निवासी है।
पूछताछ में प्रेमी युगल ने बताया कि वह दोनों पिछले दो सालों से प्रेम करते थे। प्रेमिका के परिजन शादी के लिए तैयार नहीं थे। जानकारी होने के बाद वह प्रेमिका को प्रताड़ित करने लगे। इसके बाद वह अपना घर छोड़कर प्रेमी के घर आ पहुंचीं। शनिवार को सैकड़ों लोगों के सामने दोनों ने मंदिर में शादी रचा ली।
चौकी प्रभारी जटाशंकर ने बताया कि मंदिर में शादी कर युगल द्वारा माला पहनकर बाजार में घूमने की सूचना पर कार्रवाई की गई। प्राथमिक जांच में युवती नाबालिग प्रतीत हो रही है। परिजनों को बुलाकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि यदि किसी पक्ष से लिखित तहरीर मिलती है तो विधिक कार्रवाई की जाएगी।

