फर्जी नियुक्ति पत्र बांटने वाला जालसाज दबोचा गया

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज

महराजगंज। नौकरी का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले आरोपी अजीत सिंह को पुलिस ने कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया। अपराध शाखा (क्राइम ब्रांच) की टीम ने बुधवार को आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। अजीत सिंह मूल रूप से सेक्टर–18, द्वारका नई दिल्ली का निवासी है।

इस पूरे मामले की शुरुआत दिसंबर 2024 में हुई थी। पनियरा थाना क्षेत्र के भवानीपुर कुमी टोला निवासी आनंद सिंह ने अजीत सिंह समेत चार अन्य लोगों के खिलाफ फर्जी नियुक्ति पत्र देने का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने शुरुआती जांच की, लेकिन मामला ठंडे बस्ते में चला गया। बाद में पीड़ित की शिकायत पर यह केस क्राइम ब्रांच को सौंपा गया।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने पीड़ितों को विभिन्न सरकारी विभागों में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर फर्जी नियुक्ति पत्र बांटे थे। यही नहीं, उसने पीड़ित के खिलाफ कोलकाता के थाने में उल्टे मुकदमा दर्ज कराने की भी कोशिश की।

क्राइम ब्रांच की टीम ने लगातार निगरानी करते हुए आरोपी को दबोच लिया। उसके पास से कई जाली दस्तावेज, सरकारी विभागों की नकली मुहरें और फर्जी नियुक्ति पत्र भी बरामद हुए। पनियरा थानाध्यक्ष निर्भय नारायण सिंह ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। अदालत के आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *