12 अगस्त से गायब भैंसा का अब तक सुराग नहीं, पीड़ित ने कार्रवाई के बजाय पंचायत कराने का लगाया आरोप
महराजगंज। परसा मलिक थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत जिगना में 12 अगस्त से गायब एक भैंसा का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि भैंसा को कथित रूप से लाठी-डंडों और धारदार हथियार से मार डाला गया तथा साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उसके शव को ठिकाने लगा दिया गया। इस संबंध में पीड़ित ने थाना परसा मलिक में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित का कहना है कि घटना की शिकायत के बाद भी पुलिस अब तक गायब भैंसा का कोई सुराग नहीं लगा सकी है। आरोप है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के बजाय थाना स्तर पर पंचायत के माध्यम से विवाद सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है। इससे पीड़ित परिवार में नाराजगी है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
बताया गया कि भैंसा के गायब हुए कई दिन बीत चुके हैं, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका है। पीड़ित परिवार लगातार उसकी तलाश कर रहा है। ऐसे में यदि हत्या के आरोप सही हैं तो भैंसा का शव कहां है और उसे ठिकाने लगाने में कौन-कौन शामिल है, यह सवाल भी जांच का विषय बना हुआ है। पीड़ित का आरोप है कि मामले की निष्पक्ष जांच होने पर पूरी घटना से पर्दा उठ सकता है।
पीड़ित ने पुलिस के उच्चाधिकारियों से मामले का संज्ञान लेने की मांग की है। साथ ही गायब भैंसा की तलाश कराने और आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की है। अब देखना यह होगा कि पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच को आगे बढ़ाती है या विवाद पंचायत के दायरे में ही उलझा रह जाता है।

