पिकअप – बाइक  में भीषण टक्कर, बच्ची समेत दो गंभीर

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


परतावल-गोरखपुर मार्ग पर डाइनिंग वेन्यू के पास हुआ हादसा, दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


परतावल। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के परतावल-गोरखपुर मार्ग पर शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। डाइनिंग वेन्यू के समीप कट के पास बाइक और पिकअप की जोरदार टक्कर में बाइक सवार व्यक्ति व उसके साथ बैठी एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप चालक कथित तौर पर गलत दिशा से आते हुए सड़क के कट से वाहन मोड़ने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान परतावल की ओर से आ रही बाइक पिकअप से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उस पर सवार व्यक्ति व बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गए।


हादसे की सूचना मिलते ही परतावल पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।


खबर लिखे जाने तक दोनों घायलों की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस उनकी पहचान कराने और घटना से संबंधित अन्य जानकारी जुटाने में लगी हुई है।


इस संबंध में चौकी प्रभारी आलोक राय ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति और बच्ची की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *