घुघली के वार्ड नंबर 11 निवासी थे 28 वर्षीय अमन, बीते वर्ष हुआ था BARC में वैज्ञानिक पद पर चयन
हर्षोदय टाइम्स / बिमलेश कुमार पाण्डेय
घुघली, महराजगंज। भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (BARC), मुंबई में कार्यरत घुघली के युवा वैज्ञानिक अमन सिंह (28) का शुक्रवार को मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से ब्लड कैंसर से पीड़ित थे। होनहार युवा वैज्ञानिक के असामयिक निधन की खबर मिलते ही घुघली नगर में शोक की लहर दौड़ गई।
अमन सिंह घुघली नगर पंचायत के वार्ड नंबर 11 निवासी किसान लक्ष्मी सिंह के पुत्र थे। उनका चयन 26 जून 2024 को भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र में वैज्ञानिक पद पर हुआ था। चयन के बाद वह मुंबई में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान वह गंभीर बीमारी की चपेट में आ गए और पिछले कुछ समय से उनका उपचार चल रहा था।
शुक्रवार को मुंबई के एक अस्पताल में उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। शनिवार सुबह उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक आवास घुघली पहुंचा। युवा वैज्ञानिक का शव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया और अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
बाद में स्थानीय बैकुंठी घाट पर पूरे गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया। पिता लक्ष्मी सिंह ने पुत्र की चिता को मुखाग्नि दी। इस दौरान मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
अंतिम संस्कार और शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए बड़ी संख्या में नगरवासी, शुभचिंतक एवं गणमान्य लोग पहुंचे। नगर अध्यक्ष संतोष कुमार जायसवाल, पूर्व नगर अध्यक्ष सुरेश कुमार रूंगटा सहित कई लोगों ने उनके आवास पहुंचकर शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।
महज 28 वर्ष की उम्र में देश के प्रतिष्ठित परमाणु अनुसंधान संस्थान में वैज्ञानिक के रूप में चयनित अमन सिंह के निधन से पूरे नगर में गहरा शोक व्याप्त है। लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

