मेजर ध्यानचंद की जयंती पर विद्यार्थियों ने दिखाया खेल कौशल
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
परतावल (महराजगंज)। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर परतावल क्षेत्र के प्रतिष्ठित सीबीएसई विद्यालय सावित्री पब्लिक स्कूल में हॉकी के महान जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती धूमधाम एवं भव्यता के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं के लिए विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन श्री एल.एन. पाण्डेय, डायरेक्टर बी.के. पाण्डेय, असिस्टेंट डायरेक्टर श्रीमती जया पांडेय एवं प्रधानाचार्या श्रीमती प्रीति पाण्डेय ने मां सरस्वती तथा मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलित करके किया।
समारोह के दौरान नर्सरी से लेकर उच्च कक्षाओं तक के विद्यार्थियों के लिए उनकी आयु एवं रुचि के अनुरूप विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने बॉल थ्रो, म्यूजिकल चेयर, कबड्डी, वॉलीबॉल, खो-खो, दौड़, शतरंज, टेबल टेनिस और बास्केटबॉल सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में पूरे उत्साह एवं खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया। खेल मैदान में बच्चों के जोश और उत्कृष्ट खेल कौशल ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
विजेता प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए विद्यालय के डायरेक्टर श्री बी.के. पांडेय ने कहा कि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ एवं तंदुरुस्त रखते हैं, बल्कि बच्चों में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का भी विकास करते हैं।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रधानाचार्या श्रीमती प्रीति पांडेय ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बच्चों को खेलों के महत्व को समझते हुए शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करने और जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।





