हर्षोदय टाइम्स / विमलेश कुमार पाण्डेय
घुघली/महराजगंज।गोरखपुर-नरकटियागंज रेलखंड पर मंगलवार दोपहर सत्याग्रह एक्सप्रेस में अचानक फैली ‘आग’ की अफ़वाह ने यात्रियों को दहशत में डाल दिया। सिसवा और घुघली स्टेशन के बीच बंदी ढाला मुंडेरी चौबे गांव के पास ट्रेन के पहियों से तेज धमाका और धुएं जैसी शक्ल दिखते ही लोग खिड़कियों और दरवाजों से कूद पड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अफ़रा-तफ़री में दर्जनों यात्री अपना सामान लेकर रेलवे ट्रैक पर दौड़ने लगे, जबकि कुछ लोग पटरियों के किनारे पैदल ही आगे बढ़ गए। करीब आधे घंटे तक ट्रेन ट्रैक पर खड़ी रही, जिससे माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
बाद में रेलवे तकनीकी टीम की जांच में आग लगने की बात झूठी साबित हुई। स्टेशन अधीक्षक कौशल कुमार ने बताया कि ट्रेन में केवल तकनीकी खराबी आई थी, जिसे ठीक कर गोरखपुर की ओर रवाना कर दिया गया। लेकिन, डर के कारण कई यात्री वापस ट्रेन में नहीं चढ़े।

