अंतरराष्ट्रीय सीमा पर 2283 एम्पुल नशीली दवाओं के साथ दो गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



स्विफ्ट कार, तीन मोबाइल फोन और 980 रुपये नकद भी बरामद


नौतनवा/महराजगंज। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में नौतनवा पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर की सूचना पर टीम ने बुधवार को बैरहियावा पुल के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2283 एम्पुल प्रतिबंधित नशीली दवाएं, एक स्विफ्ट कार, तीन मोबाइल फोन और 980 रुपये नकद बरामद किए।


पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नौतनवा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 16 बहादुर शाहनगर निवासी करीब 40 वर्षीय मो. जिलानी उर्फ जाकिर और गजरहा निवासी करीब 42 वर्षीय सुग्रीव के रूप में हुई है। बरामद नशीली दवाओं में Cerejack Diazepam के 566 एम्पुल, IPPL Buprenorphine के 776 एम्पुल, Abbott Promethazine Hydrochloride (Phenergan) के 861 एम्पुल तथा Diazerian Diazepam के 80 एम्पुल शामिल हैं।


तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक कीपैड मोबाइल और दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन के अलावा 980 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त सफेद रंग की स्विफ्ट कार भी कब्जे में ले ली, जिसका पंजीकरण नंबर UP53ED7338 है। पुलिस के मुताबिक बरामद दवाओं को लेकर दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।


मामले में थाना नौतनवा में मुकदमा अपराध संख्या 155/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/23 में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

कार्रवाई में नौतनवा पुलिस के उपनिरीक्षक प्रशांत दूबे, उपनिरीक्षक रोहित यादव समेत पुलिसकर्मी तथा एसएसबी के सहायक कमांडेंट समरजीत सिंह, निरीक्षक जितेन्द्र कुमार ठाकुर समेत अन्य जवान शामिल रहे।

योग्य अध्यापक की आवश्यकता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *