सोनौली में 9 लाख रुपये का लावारिस सामान बरामद , सामान कस्टम के हवाले

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

सोनौली/महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में तस्करी और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को सोनौली पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली। टीम ने गश्त और चेकिंग के दौरान लावारिस हालत में करीब 9 लाख रुपये मूल्य के कॉस्मेटिक उत्पाद और खाद्यान्न बरामद किया।


पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन में सोनौली पुलिस तथा नायब तहसीलदार नौतनवा सौरभ श्रीवास्तव के नेतृत्व में संयुक्त टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान लावारिस हालत में भारी मात्रा में सामान बरामद हुआ।


बरामद सामान में 80 ग्राम के क्लोजअप टूथपेस्ट के 1,728 पीस, 150 ग्राम के क्लोजअप टूथपेस्ट के 1,728 पीस, 100 ग्राम के पेप्सोडेंट टूथपेस्ट के 288 पीस, 25 ग्राम की फेयर एंड लवली क्रीम के 6,336 पीस तथा मक्का की तीन बोरियां शामिल हैं। बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई गई है।


पुलिस के अनुसार बरामद सामान को कस्टम एक्ट की धारा 113 के तहत चालान कर अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय नौतनवा को सुपुर्द कर दिया गया है।


बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में सोनौली चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक उमाकान्त सरोज, कांस्टेबल शिवाकान्त सिंह और रोशनलाल प्रजापति शामिल रहे। वहीं राजस्व टीम में नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव मय टीम मौजूद रही।

योग्य अध्यापकों की आवश्यकता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *