महराजगंज । बागापार पुलिस चौकी क्षेत्र के नदुवा गांव में सोमवार को एक 19 वर्षीय छात्र का शव गांव के पश्चिम स्थित पोखरे के पास आम के पेड़ से प्लास्टिक के पट्टे के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान संगम चौहान (19) पुत्र रमेश चौहान के रूप में हुई है। वह इंटरमीडिएट (कक्षा 12) का छात्र था। ग्रामीणों ने पेड़ से शव लटका देखा तो मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर बागापार पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। बाद में फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव को नीचे उतरवाकर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक के पिता रमेश चौहान ने बताया कि बेटे की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।


